जन भवन में 77वें गणतंत्र दिवस पर भव्य आयोजन, राज्यपाल से सीएम योगी की भेंट”

एनीटाइम न्यूज नेटवर्क  77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर प्रदेश की राज्यपाल  आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आज सायंकाल जन भवन, लखनऊ में भव्य स्वल्पाहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गरिमामय, सौहार्दपूर्ण और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेश के राजनीतिक, प्रशासनिक, न्यायिक, सैन्य एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य एवं  ब्रजेश पाठक, विभिन्न मंत्रीगण, लखनऊ की महापौर  सुषमा खर्कवाल, मुख्य सचिव एस. पी. गोयल, विशेष कार्याधिकारी (राज्यपाल) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे (अपर प्रमुख सचिव स्तर) सहित प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, न्यायिक पदाधिकारी, सैन्य प्रतिनिधि, मीडिया जगत के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित नागरिक, दिव्यांगजन तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सभी अतिथियों ने राज्यपाल महोदया से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाइयाँ दीं। राज्यपाल  पटेल ने उपस्थित सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों—न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व—को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में गणमान्य अतिथियों के मध्य विचारों का आदान-प्रदान भी हुआ। राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता, सुशासन और विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक संवाद देखने को मिला, जिसने आयोजन को और भी सार्थक बना दिया।

स्वागत की विशेष झलक आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जन भवन के बैंड द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसने मधुर धुनों के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। बैंड की प्रस्तुति की माननीय राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।

समग्र रूप से यह स्वल्पाहार कार्यक्रम न केवल गणतंत्र दिवस के उत्सव को गरिमा प्रदान करने वाला रहा, बल्कि प्रदेश की एकता, सहयोग और लोकतांत्रिक मूल्यों की सशक्त अभिव्यक्ति भी बना।

About ATN-Editor

Anytime news:- Web News portal, weekly newspaper, YouTube news channel,

Check Also

Public Grievance Hearing Draws Crowd, MLA Ensures Swift Action

Strong Stand on Civic Issues in Milkipur, Officials Directed for Immediate Response “Public Service is …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *