1.35 लाख युवाओं को मिल चुका ऋण, 15 मार्च तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के निर्देश

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न


एनीटाइम न्यूज नेटवर्क। योगी सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक एवं क्षमता वर्धन कार्यशाला शुक्रवार को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में सम्पन्न हुई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने की।

बैठक में आयुक्त एवं मिशन निदेशक के. विजयेन्द्र पांडियन, यूपीएसआईसी के प्रबंध निदेशक राज कमल यादव, राज्य नोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के डीजीएम संदीप प्रकाश, इंडियन बैंक के सीजीएम सुधीर गुप्ता सहित प्रदेश के सभी जनपदों के उद्योग विभाग के अधिकारी, सीएम युवा फेलोज, बैंक नोडल अधिकारी एवं रैम्प योजना के जिला प्रबंधक उपस्थित रहे।

मिशन निदेशक ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान केवल एक योजना नहीं बल्कि रोजगार सृजन का मिशन है, जिसका उद्देश्य नवाचार आधारित परियोजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि योजना के प्रारम्भ से अब तक 1.35 लाख युवाओं को ऋण वितरित किया जा चुका है। साथ ही 15 मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए दैनिक कार्ययोजना तैयार करने तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सीएम युवा मोबाइल ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए न्यूनतम 50 हजार लोगों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक युवा योजना का लाभ उठा सकें।

राज्य नोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला ने योजना की जनपदवार एवं बैंकवार प्रगति, लंबित और अस्वीकृत आवेदनों की स्थिति तथा आगामी रोडमैप पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। वहीं, एमडी यूपीएसआईसी ने रैम्प योजना और नॉलेज पार्टनर समाधान समिति के माध्यम से प्रशिक्षण मॉड्यूल में किए गए नवीन संशोधनों की जानकारी साझा की।

अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने कहा कि यह अभियान योगी सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 की शेष अवधि में लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पारदर्शी लाभार्थी चयन, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, इनोवेटिव परियोजनाओं और ऑनलाइन टूल्स के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को फील्ड विजिट, तहसीलवार कैंप और नियमित समीक्षा के निर्देश देते हुए योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। साथ ही मिडिलमैन और दलालों पर कठोर कार्रवाई कर नकारात्मक प्रचार रोकने को कहा गया।

मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अत्यंत महत्वाकांक्षी पहल बताते हुए 72 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति पर संतोष व्यक्त किया और शेष लक्ष्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा, महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने, 50 हजार ऋण लाभार्थियों का इम्पैक्ट असेसमेंट कराने तथा पश्चिमांचल में मंत्री स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीएम युवा फेलोज को प्रोत्साहित करने और कमजोर प्रदर्शन वाले जनपदों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के भी संकेत दिए गए।

उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल माह में पुनः समीक्षा करने तथा प्रशिक्षण मॉड्यूल को कर्मयोगी प्लेटफॉर्म से जोड़ने के निर्देश भी दिए।

बैठक के द्वितीय सत्र में सीएम युवा मोबाइल ऐप, सीएम युवा पोर्टल और यूपी मार्ट पोर्टल पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें आवेदन से लेकर ऋण वितरण, उद्योग स्थापना के छह माह बाद सेल्फ वेरिफिकेशन, बैंक एवं डीआईसी स्तर पर सत्यापन और प्रगति मॉनिटरिंग की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। यूपी मार्ट पोर्टल के माध्यम से मशीनरी सप्लायर्स को एकीकृत प्लेटफॉर्म पर लाने पर भी चर्चा हुई, जिससे उद्यम स्थापना की प्रक्रिया और सरल हो सके।

कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के बाद राज्य नोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

About ATN-Editor

Anytime news:- Web News portal, weekly newspaper, YouTube news channel,

Check Also

From Basic Stops to Smart Hubs—Passengers to Get World-Class Facilities

(Pooja Srivastava, Anytime News Network) . In a major step toward transforming public transport infrastructure, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *