दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए योगी सरकार प्रतिबद्ध, अन्य राज्यों के नवाचारों से लिया जा रहा अनुभव

दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए योगी सरकार प्रतिबद्ध, अन्य राज्यों के नवाचारों से लिया जा रहा अनुभव

दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मंत्री नरेन्द्र कश्यप का राजस्थान भ्रमण, योजनाओं की समीक्षा और प्रभावी मॉडल पर मंथन

लखनऊ | 30 जनवरी 2026

योगी सरकार प्रदेश के दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार अन्य राज्यों में संचालित सफल एवं नवाचारपूर्ण दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं का अध्ययन कर उन्हें प्रदेश की आवश्यकताओं के अनुरूप लागू करने की दिशा में कार्य कर रही है।

इसी क्रम में प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने 28 से 30 जनवरी 2026 तक राजस्थान प्रदेश का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान सरकार द्वारा दिव्यांगजन सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा और पुनर्वास के क्षेत्र में संचालित योजनाओं एवं संस्थागत व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

जयपुर प्रवास के दौरान मंत्री कश्यप ने सर्किट हाउस में प्रमुख सचिव एवं निदेशक स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में दिव्यांगजनों के लाभार्थी चयन, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया, तकनीकी सहायता, पुनर्वास सेवाओं और योजनाओं की पारदर्शी कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही उत्तर प्रदेश में संचालित योजनाओं के साथ तुलनात्मक अध्ययन कर उन्हें और अधिक प्रभावी एवं समावेशी बनाने पर मंथन किया गया।

भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने राजस्थान विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विधानसभा की कार्यप्रणाली, संसदीय परंपराओं, जनहित के मुद्दों और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने पर सार्थक संवाद हुआ। मंत्री कश्यप ने विधानसभा अध्यक्ष के अनुभव और मार्गदर्शन को प्रेरणास्रोत बताया।

इसके अतिरिक्त मंत्री कश्यप ने जयपुर स्थित भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने संस्था द्वारा दिव्यांगजनों को उच्च गुणवत्ता के कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह संस्था दिव्यांगजनों को शारीरिक सहायता के साथ-साथ आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और स्वावलंबन प्रदान करने का कार्य कर रही है।

मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि राजस्थान भ्रमण से प्राप्त अनुभवों के आधार पर उत्तर प्रदेश में दिव्यांगजनों के कल्याण, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को और अधिक सशक्त किया जाएगा। योगी सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का प्रत्येक दिव्यांग नागरिक सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सके।

About ATN-Editor

Anytime news:- Web News portal, weekly newspaper, YouTube news channel,

Check Also

Public Grievance Hearing Draws Crowd, MLA Ensures Swift Action

Strong Stand on Civic Issues in Milkipur, Officials Directed for Immediate Response “Public Service is …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *