गांधी जी और शास्त्री जी के दिखाए मार्ग पर चलकर एक समरस, समर्थ और सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दें-उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक

 

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 2 अक्टूबर को राजधानी लखनऊ में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया और देश के दो महान सपूतों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

उन्होंने सर्वप्रथम जीपीओ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी, तत्पश्चात एनेक्सी भवन परिसर में स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया।

 

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री पाठक ने कहा कि महात्मा गांधी का संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग और सेवा की प्रेरणा है। उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नैतिकता और जनभागीदारी से जोड़कर, देश को आज़ादी की राह पर अग्रसर किया। गांधी जी के विचार आज भी न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया को शांति, सहिष्णुता और मानवीय मूल्यों की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी का स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और ग्राम विकास का दृष्टिकोण आज के ‘नए भारत’ की नींव है।

 

उपमुख्यमंत्री ने शास्त्री जी को भी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि लाल बहादुर शास्त्री भारतीय राजनीति के उन अप्रतिम व्यक्तित्वों में से हैं, जिन्होंने अपनी सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से देशवासियों का हृदय जीत लिया। ‘जय जवान, जय किसान’ का उनका अमर नारा आज भी देश के विकास और आत्मनिर्भरता का आधार बना हुआ है। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का जीवन बताता है कि एक सामान्य परिवार का व्यक्ति भी, अपने चरित्र, कर्म और समर्पण से, राष्ट्र को दिशा देने वाला महान नेता बन सकता है।

 

उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज का दिन केवल श्रद्धांजलि का नहीं, बल्कि संकल्प लेने का दिन है — कि हम गांधी जी और शास्त्री जी के दिखाए मार्ग पर चलकर एक समरस, समर्थ और सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे इन दोनों महापुरुषों के विचारों को केवल स्मरण न करें, बल्कि अपने जीवन में आत्मसात करें। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे। पूरा वातावरण श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहा।

About ATN-Editor

Anytime news:- Web News portal, weekly newspaper, YouTube news channel,

Check Also

Maharaja Agrasen Commerce Chamber Launched in Lucknow, Pushing Collective Growth and Entrepreneurship

‘One Rupee, One Brick’ Vision Seeks to Build Stronger Business Networks Pooja Srivastava | Anytime …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *