गणेशगंज की डिजिटल मूविंग झांकी में इस बार दही हांडी उत्सव भी*

*16 अगस्त से छह दिन तक रोज बदलेगी लाइट एंड साउंड झांकी*

*ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित सेल्फी प्वाइंट में टैंक होगा आकर्षण*

*लखनऊ ।* मित्तल परिवार की ओर से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव डिजिटल मूविंग झांकी न्यू गणेशगंज अमीनाबाद रोड पर 16 अगस्त से शुरू होगी। छह दिन चलने वाले उत्सव में रोज भगवान कृष्ण की लीलाओं के अलग-अलग रूप प्रदर्शित किए जाएंगे। छठी उत्सव पर फूलों की होली के संग सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। सांस्कृतिक मंच पर क्षेत्रीय बच्चों को हुनर दिखाने का मौका भी मिलेगा। इस बार झांकी में दही हांडी उत्सव का खास आकर्षण जोड़ा गया है। ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित सेल्फी प्वाइंट लोगों ने देशभक्ति का जज्बा भरेगा।

कृष्ण जन्मोत्सव की झांकियों में इस बार पहले दिन श्री कृष्ण के जन्म का प्रसंग देखने को मिलेगा। 17 अगस्त को गोकुल भ्रमण, 18 अगस्त को गो चारण लीला, 19 अगस्त को श्री कृष्ण रुक्मणी विवाह, 20 को माखन चोरी और 21 को बरसाने की होली के प्रसंग देखने को मिलेंगे। डिजिटल मूविंग झांकी के तहत लाइट एंड साउंड के इफेक्ट के साथ स्वचालित मूर्तियां एक्शन करती हुई दिखाई देंगी। परंपरागत झूले पर विराजमान राधा कृष्ण के अलावा कालिया मर्दन की स्थायी झांकी भी लगेगी। 20 फीट ऊंचे शिवलिंग के अलावा सीना चीरते हनुमान जी की स्वचालित झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। भालू-बंदर नचाते और सांप का खेल दिखाते मदारी की झांकी के साथ राम नाम जपते तुलसीदास, माखन चोरी करने पर कन्हैया को छड़ी लेकर दौड़ाती यशोदा माता की चलती फिरती झांकी सबको लुभाने को तैयार है।

अंतिम तीन दिनों में यह उत्सव आकर्षक रंग में रंगेगा। 19 अगस्त को तीसरे दिन दही हांडी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। करीब 20 फुट ऊंचाई पर बंधी मटकी को फोड़ने के लिए कई टीमें जोर आजमाइश करेंगी। जो टीम मटकी को फोड़ने में सफल होगी उसे मटकी में रखी राशि मिलेगी बल्कि पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया जाएगा। 20 अगस्त को यहां सांस्कृतिक मंच सजाया जाएगा जहां क्षेत्रीय बच्चे नृत्य गायन व अन्य क्षेत्र में अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। 21 अगस्त को छठी उत्सव मनाया जाएगा। इस दिन स्थानीय कलाकारों के द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे जिसमें राधा कृष्ण का मयूर नृत्य समेत कई प्रस्तुतियां एवं शंकर जी का तांडव और राधा कृष्ण का रूप धरे बच्चे फूलों की होली खेलकर बरसाने की होली की याद ताजा करेंगे। पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतिभावान बच्चों और झांकी को यादगार बनाने में योगदान देने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा।

हर बार की तरह इस बार भी नाका चौराहे से न्यू गणेश गंज तक मुख्य सड़क को एलईडी लाइटों और गेट से सजाया जा रहा है। झांकी के दोनों ओर बने गेट माहौल को भव्यता प्रदान करेंगे। इस मौके पर करीब 500 मीटर के रास्ते पर मेले जैसा माहौल होगा जिसमें चाट बताशे से लेकर खेल खिलौने और घरेलू सामान बेचने की दुकानें सजेंगी। झूले और दूसरे खेल खिलाने वाले भी यहां अपनी दुकानें सजाएंगे और लोगों का मनोरंजन करेंगे।

About ATN-Editor

Anytime news:- Web News portal, weekly newspaper, YouTube news channel,

Check Also

From Information to Opportunity, From Opportunity to Enterprise

DICCI UP and SIDBI organise entrepreneurship awareness campaign in Hardoi; focus on schemes, finance and …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *